Sangam Today News/- 
उत्तराखंड में हाल ही में आए आंधी-तूफान और भारी बारिश के बाद आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। रविवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार और मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसे देखते हुए सभी जिलों को सतर्क रहने और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि मौसम से जुड़ी हर चेतावनी और अपडेट राज्य व जिला आपातकालीन केंद्रों के माध्यम से तुरंत आम जनता तक पहुंचाई जाए।
जानकारी के अनुसार 4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों में, जबकि 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में खराब मौसम की आशंका जताई गई है। इस दौरान तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
प्रशासन ने सड़कों के बाधित होने की घटनाओं पर भी संज्ञान लिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी बंद मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोला जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
चारधाम यात्रा को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साफ कहा गया है कि खराब मौसम में किसी भी प्रकार का जोखिम न लिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उड़ानों को स्थगित कर दिया जाए।
साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, आपदा प्रबंधन टीमों को सक्रिय रखने और आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।