Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री ने अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, दिए ये निर्देश


Sangam Today News/- 
देहरादून/- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय देहरादून पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के रात्रिकालीन दौरे से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की नियमित उपस्थिति और जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से गंभीर मरीजों के उपचार में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और तीमारदारों को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं निजी संस्थानों के समकक्ष बेहतर और भरोसेमंद बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाररत वरिष्ठ पत्रकार कैलाश जोशी से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने जोशी और उनके परिजनों से भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है और हर आवश्यक सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक सहित चिकित्सक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।