Sangam Today News/-
किच्छा। क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अज्ञात ठगों ने एक व्यक्ति का मोबाइल सिम लॉक कर उसके बैंक खातों से करीब 6.89 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलभट्टा थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड 19 सिरौली कलां निवासी मल्लन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 जनवरी को अचानक उसका मोबाइल सिम बंद हो गया। सिम कंपनी के कार्यालय में संपर्क करने पर उसे पता चला कि उसका आधार भी लॉक हो चुका है। 8 जनवरी को वह आधार केंद्र पर अपडेट के लिए गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
इसी दौरान उसे व्हाट्सएप कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को सिम कंपनी का अधिकारी बताते हुए सिम चालू कराने के नाम पर उसकी मां का पहचान पत्र और आधार नंबर मांगा। भरोसा कर पीड़ित ने मांगी गई जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दी, लेकिन सिम सक्रिय नहीं हुआ।
कुछ दिन बाद संदेह होने पर पीड़ित 21 जनवरी को अपने बैंक पहुंचा और खाते की जांच कराई। जांच में पता चला कि यूपीआई के माध्यम से उसके दो बैंक खातों से कुल 6.89 लाख रुपये की निकासी की जा चुकी है।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर साइबर टीम की मदद से जांच की जा रही है।

